बस में थी तकनीकी खराबी, आती थी आवाजें
छात्र स्कूल प्रबंधन से कर चुके थे शिकायत
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर में पेश आए हृदय विदारक हादसे का कारण बस में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जो बस सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हुई, उसमें कई दिन से तकनीकी खराबी थी। इस तकनीकी खराबी के कारण बस जब सड़क पर दौड़ती थी तो आवाजें करती थी। सूत्रों की मानें तो बस में तकनीकी खराबी होने की बात 2017-18 के पास आउट छात्र स्कूल प्रबंधन से कर चुके थे। बावजूद इसके स्कूल प्रबंधन ने बस को दुरुस्त करवाने की जहमत नहीं उठाई, जिसका खामियाजा 27 जिंदगियों को अपनी जान से हाथ धो कर चुकाना पड़ा है, जबकि कई घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझ गए हैं। बस में तकनीकी खराबी होने और सूत्रों की बात में कितनी सच्चाई है, इसका पता तकनीकी जांच के बाद ही होगा। बहरहाल, इस बड़े हादसे ने कई घरों के इकलौते चिराग तक बुझा दिए हैं।
आज उपमंडल के सभी स्कूल रहेंगे बंद
इस हृदय विदारक हादसे में मारे गए मासूम बच्चों को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को उपमंडल के सभी स्कूल बंद रहेंगे। उपमंडल का कोई भी स्कूल मंगलवार को नहीं खुलेगा। नूरपुर में पेश आए हादसे का कारण बस में तकनीकी खराबी हो सकती है। बस का चालक एक्स सर्विसमैन था तथा उसमें अनुभव की कोई कमी नहीं थी फिर भी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का पूरा सच दुर्घटनाग्रस्त बस की जांच करने के बाद ही सामने आएगा।
- मेजर विशाल शर्मा, आरटीओ, कांगड़ा।