कांगड़ा। कोरम पूरा न हो पाने की वजह से कांगड़ा नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव एक दिन के लिए टल गया है। एसडीएम शशीपाल नेगी की अध्यक्षा में आयोजित बैठक में अशोक शर्मा ने अपने साथ चार समर्थित पार्षदों रेणू बाला, कोमल शर्मा, श्याम नारायण व पुष्पा चौधरी के साथ शिरकत की। लेकिन नप की निवर्तमान अध्यक्ष सुमन वर्मा सहित उनके समर्थक पार्षद सुषमा वर्मा, नीतू कुमारी और अनुराधा ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया। कोरम पूरा न होने के चलते बैठक स्थगित कर दी गई।
ऐसे में मंगलवार को होने जा रही बैठक में पांच पार्षदों की मौजूदगी में ही नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाएगा। यहां गौर हो कि नप के उपाध्यक्ष श्याम नारायण की अगुवाई में चार पार्षदों ने नप अध्यक्ष सुमन वर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव रखा था। 16 जुलाई को डीसी कार्यालय के आदेश पर एसडीएम नेगी ने नगर परिषद की विशेष बैठक बुलाई थी। बैठक में सुमन वर्मा अपने समर्थित तीन पार्षदों के साथ नदारद रहीं और वह डीसी को इस्तीफा सौंप आईं थीं। सोमवार को प्रस्तावित अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए आयोजित बैठक में सुमन वर्मा व उनके समर्थक पार्षदों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया। इस वजह से कोरम पूरा नहीं हो पाया। एसडीएम शशी पाल नेगी ने बताया कि नगर परिषद की बैठक में पूर्व अध्यक्ष सुमन वर्मा सहित चार पार्षद सुषमा, नीतू चौधरी और अनुराधा अनुपस्थित रहे। कोरम पूरा न होने के कारण अब बैठक मंगलवार को आयोजित होगी।