अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां हलके के चंगर क्षेत्र के ट्रैक्टर मालिकों ने उपमंडल अधिकारी(नागरिक) सिद्धार्थ आचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंप कर उन्हें भवन निर्माण सामग्री ढुलाई की अनुमति देने की मांग की है।
ट्रैक्टर यूनियन चंगर क्षेत्र बड़ोह के प्रधान अनिल कुमार की अगुवाई में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल में शामिल जीत सिंह, रमन कुमार, कृष्ण कुमार, सुरजन सिंह, काला राम, छोटू राम, सुखलाल और सरोत्री पंचायत प्रधान उमाकांत आदि ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि उनके रोजगार का एकमात्र साधन उनके ट्रैक्टर हैं। इन्हें बैंकों से ऋण लेकर खरीदा गया है। बड़ोह क्षेत्र की खड्डों को बंद कर दिए जाने के कारण हालात ये हो गए हैं कि ट्रैक्टर मालिकों को बैंक की किस्तें चुकाना भारी पड़ गया है। रोजमर्रा की जिंदगी चलाने में यह वर्ग असमर्थ हो गया है। पुलिस सख्त रवैया अपनाए हुए है और भवन सामग्री ढुलाई में ट्रैक्टर मालिकों को कोई भी रियायत देने को तैयार नहीं है। ऐसे में यह वर्ग भारी मानसिक प्रताड़ना से गुजर रहा है। मुख्यमंत्री से क्षेत्र की खड्डों को शीघ्र रिलीज कर इस वर्ग को न्याय प्रदान करने का आग्रह किया है ताकि परिवार का पालन और बैंक की किस्तों की समय पर अदायगी हो सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि यदि इस मामले में सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती, तो मजबूरन उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा। गरीबी से परेशान यूनियन के किसी सदस्य ने कोई गलत कदम उठाया, तो उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। उधर, सरोत्री पंचायत के प्रधान उमाकांत ने यूनियन की उक्त मांग को जायज ठहराते हुए सरकार से इस और कोई ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है।