नगरोटा बगवां में लिदबड़ मेला 25 से
सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार करनैल राणा और संजीव दीक्षित मचाएंगे धमाल
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में जिला स्तरीय ऐतिहासिक लिदबड़ मेला 25 से 27 मार्च तक मनाया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम अंकुश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में मेेले की तैयारियों और उसके आयोजन को लेकर योजना बनाई गई। मेले का शुभारंभ 25 मार्च को पुलिस उप महानिदेशक संतोष पटियाल करेंगे। इस दिन बेबी शो और कुश्तियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी। वहीं, 27 मार्च को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांगड़ा एमआर भारद्वाज मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य अतिथि दंगल के विजेता पहलवानों को सम्मानित करेंगे। इससे पूर्व 26 मार्च को मेले के दूसरे दिन की कुश्तियों के अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छात्र नगरोटा बगवां के परिसर में सायं चार बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक संध्या होगी। सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक करनैल राणा, बॉलीवुड गायक अरविंद डढवाल, अनुज शर्मा, कुमार साहिल और संजीव दीक्षित आदि शामिल हैं। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों सहित स्कूली बच्चे भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। बैठक में मेला समिति के सदस्य एवं मंच अधिकारी करनैल राणा, घनश्याम वर्मा, पार्षद विनेश बस्सी, मधु शर्मा, सपना कटोच, मान सिंह, सुशील धीमान, प्रवेश चोपड़ा, रिषी सूद, अमित और विनीत कायस्था आदि उपस्थित रहे।