फतेहपुर (कांगड़ा)। फतेहपुर उपमंडल में सार्वजनिक कार्यक्रम में मंत्री किशन कपूर की ओर से बीडीओ को डांटने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। रविवार को बीडीओ फतेहपुर अरविंद्र गुलेरिया ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर का इस प्रकार का व्यवहार अशोभनीय है। इससे युवाओं में अच्छा संदेश नहीं गया है। उन्होंने मंत्री से आगे के लिए इस प्रकार के व्यवहार में सुधार लाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अगर यही बात वे व्यक्तिगत तौर पर अकेले में कहते, तो उसका अलग महत्व होता। इस प्रकार सार्वजनिक स्थान पर बोलना जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को आजकल युवा अपना आदर्श मानने लगे हैं, लेकिन ऐसे सम्मानीय पद पर बैठे मंत्री के व्यवहार से युवाओं के राजनेता को आदर्श मानने के सपने को भी धक्का लगा है। गुलेरिया ने कहा कि मंत्री मेरे भी सम्माननीय है। लेकिन, अगर किसी अधिकारी से कोई दिक्कत है तो कमरे में ले जाकर बात करें। जनता के सामने अधिकारी को प्रताड़ित करना और भला-बुरा कहकर कुछ देर के लिए वाहवाही लूटना अच्छी बात नहीं।