धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगते सराह गांव में सोमवार को डायरिया ने छह और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इन लोगों को क्षेेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में भर्ती करवाया गया है। गांव में फैले डायरिया की चपेट में आए लोगों की संख्या अब दो दिन में ही 55 के करीब हो गई है।
वहीं डायरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। महकमे ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने के लिए चार टीमों का गठन किया है। इस दौरान ये टीमें घर-घर जाकर डायरिया से ग्रस्त लोगों की जांच करेंगी, वहीं हर घर में ओआरएस भी बांटेंगी। गौर रहे कि रविवार को जिला मुख्यालय के साथ लगते सराह गांव में 50 के करीब लोग डायरिया की चपेट में आए थे, जिनमें से कुछ मरीज इलाज करवाने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में भर्ती हुए थे। सीएमओ कांगड़ा डॉ. आरएस राणा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें सराह गांव भेज दी हैं। टीम की रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि गांव में डायरिया कैसे फैला है। उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव में डायरिया नियंत्रण में आ गया है।
फूड प्वाइजनिंग भी हो सकता है कारण
वहीं सूत्रों की मानें तो जिला मुख्यालय के साथ लगते जिस गांव में डायरिया के मरीज सामने आए हैं, उस क्षेत्र में दो-तीन दिन पहले एक धाम का आयोजन हुआ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि डायरिया फैलने का कारण फूड प्वाइजनिंग भी हो सकता है।
कोट्स
जिस क्षेत्र में डायरिया फैला है, वहां का पानी बिलकुल सही है। विभाग की टीम ने सोमवार को पानी के स्रोत का जायजा लिया है, जिसमें सब कुछ सही पाया गया है। यह डायरिया पानी की वजह से नहीं फैला है। - विपिन कुमार, एसडीओ, आईपीएच धर्मशाला।
सोमवार को छह-सात नए मामले डायरिया के अस्पताल में दर्ज किए गए हैं। इनमें से कुछ लोग सराह गांव, दो-तीन घरोह तो एकाध मरीज दाड़ी से दर्ज किया गया है। - दिनेश महाजन, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला।