अमर उजाला ब्यूरो
जसूर (कांगड़ा)। व्यापारिक कस्बा जसूर में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण करने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई कर पैदल चलने वाली लेन पर रखे सामान को जब्त किया। इस कार्रवाई से कस्बे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम नूरपुर आबिद हुसैन की अगुवाई में जब्त किए गए सामान को ट्रैक्टर में डालकर जमा करवा दिया गया है। बता दें कि जसूर बाजार में कुछ व्यापारियों ने अवैध तरीके से सर्विस लेन के ऊपर सामान रखा था, इससे पैदल आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए उपमंडलाधिकारी नूरपुर ने कई बार चेतावनी भी दी थी कि व्यापारी पैदल चलने वाले रास्ते को छोड़कर अपना सामान रखें, लेकिन प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करने पर बुधवार को एसडीएम ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि कुछ व्यापारी सर्विस लेन में सारा दिन गाड़ियां लगा रखते थे। ऐसी गाड़ियों के चालान के अलावा दुकानों के आगे फुटपाथ पर कब्जा किये गए दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया है।