-15 सितंबर 2025 को प्रस्तावित बैठक हुई थी स्थगित, अब तक नहीं हुई
-आवेदकों में निराशा, बैठक जल्द आयोजित करने की कर रहे मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। इलेक्ट्रिक ऑटो संचालन के 100 आवेदन क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के पास लंबित हैं। आरटीए की बैठक नहीं होने के कारण इन आवेदनों पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया जा सका है। आरटीए की बैठक 15 सितंबर 2025 को प्रस्तावित थी लेकिन प्रशासनिक कारणों के चलते इसे स्थगित कर दिया गया। इसके बाद से अब तक बैठक नहीं हुई है। इससे आवेदकों में निराशा बढ़ती जा रही है। आवेदक जल्द से जल्द बैठक आयोजित करने की मांग कर रहे हैं।
सामान्य बैठकों में इन आवेदनों पर चर्चा नहीं होती है। इलेक्ट्रिक ऑटो संचालन के बारे में निर्णय केवल आरटीए बैठक में ही होता है। छोटी दूरी के लिए ई-ऑटो उपयुक्त माने जाते हैं। यात्री भी आवागमन के लिए इनका बेहतर साधन मानते हैं। बड़ी संख्या में नए आवेदक अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
अभी 49 इलेक्ट्रिक ऑटो का संचालन
जिले में अभी करीब 49 इलेक्ट्रिक ऑटो का संचालन हो रहा है। अगर बैठक आयोजित कर इलेक्ट्रिक ऑटो पर निर्णय लिया जाता है तो न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक की तिथि परिवहन निदेशालय से निर्धारित होती है। बैठक में ही इलेक्ट्रिक ऑटो संचालन पर चर्चा की जाएगी।
-अंकुश शर्मा, आरटीओ, हमीरपुर