-प्रबंधन ने वार्डों व ओपीडी के बाहर पंखे लगाने का लिया है फैसला
-17 पंखे मिले हैं दान में, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किए जाएंगे स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ने मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए इंतजाम शुरू कर दिए हैं। कॉलेज प्रबंधन ने जरूरत के मुताबिक विभिन्न वार्डों और ओपीडी के बाहर पंखे लगाने का फैसला लिया है।
एक समाजसेवी ने कॉलेज प्रबंधन को 17 पंखे दान दिए हैं। इन पंखों को जल्द ही अस्पताल के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों जैसे ओपीडी परिसर और वार्डों के बाहर स्थापित किया जाएगा। यहां मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही अधिक रहती है।
मेडिकल कॉलेज में 1000 से 1500 के करीब प्रतिदिन की ओपीडी रहती है। गर्मी के मौसम में मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। बढ़ती संख्या के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पंखों की व्यवस्था से न केवल मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि उनके साथ आने वाले तीमारदारों को भी काफी सहूलियत होगी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस सहयोग के लिए समाजसेवी का भी आभार जताया है।
मेडिकल कॉलेज में पहले से ही पर्याप्त संख्या में पंखे हैं। बीते दिनों 17 पंखें दान में मिले हैं। यदि किसी वार्ड या ओपीडी से पंखे लगाने की मांग आएगी तो वहां पर यह सुविधा दी जाएगी।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर।