पालमपुर में ई-बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री। -स्रोत : डीप
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को पालमपुर में 10 नई इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रूटों पर रवाना किया। ये बसें पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ सुलह और जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग रूटों पर चलेंगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश भर में ई-बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। कांगड़ा जिले के धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, देहरा, पालमपुर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि जयसिंहपुर में जल्द ही स्टेशन स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला, देहरा और नगरोटा बगवां को इलेक्ट्रिक बसें भी उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।
वहीं, विधायक आशीष बुटेल ने ई-बसों की सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान पालमपुर निवासी तिलक राज ने ई-रिक्शा चलाने और पार्षद सवित राठौर की अगवाई में प्रतिनिधिमंडल ने पालमपुर से बिंद्राबन वाया मैंझा ई-बस चलाने की मांग रखी। इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, एसडीएम ओपी यादव और आरएम नितेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।