नड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि जब हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था, तब कांग्रेस का कोई भी बड़ा नेता लोगों की सुध लेने नहीं आया। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, जयराम ठाकुर और उन्होंने स्वयं तीन बार प्रदेश का दौरा किया और केंद्र से आपदा राहत के लिए धनराशि भी दिलवाई। कहा कि प्रदेश में एम्स, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, चार मेडिकल कॉलेज, मदर एंड चाइल्ड अस्पताल, कैंसर सेंटर और सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक भाजपा की ही देन है। जब-जब भाजपा सत्ता में आई, तभी देश और प्रदेश का जनजीवन सुधरा।
आयुष्मान भारत की प्रदेश पर 355 करोड़ की देनदारी
नड्डा ने कहा कि हिमाचल में आयुष्मान भारत के अंतर्गत 355 करोड़ रुपये की देनदारी है। यह सरकार हिमकेयर जैसी उत्तम योजना भी प्रदेश में नहीं चला पा रही है। पीजीआई में हिमकेयर के 14.5 करोड़ का भुगतान होने को है। इसको लेकर हमने विभाग को एक पत्र लिखने को भी कहा है कि यह योजना चलती रहे, बंद न हो।
पहले कुछ खास लोगों के लिए होता था राष्ट्रपति भवन
नड्डा ने कहा कि पहले राष्ट्रपति भवन केवल कुछ खास लोगों के लिए होता था, लेकिन अब वहां पूरे भारत का प्रतिनिधित्व होता है। उन्होंने पद्मश्री विजेता हरिमन को टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि आज बिलासपुर से कोई पद्मश्री विजेता बन सकता है, यह बदलते भारत की तस्वीर को दर्शाता है।