नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार की स्थिति बहुत हास्यास्पद हो गई है। जनता पर महंगाई का बोझ लादने के नाम पर सरकार जिस तरह के तर्क दे रही है, वह और भी हास्यास्पद है। बसों का किराया 5 से बढ़ाकर 10 करने के पीछे सरकार तर्क देती है कि छुट्टे की समस्या की वजह से यह फैसला लिया गया है। अब अस्पतालों में इलाज करने के लिए पर्ची के नाम पर 10 की फीस को जायज ठहराने के लिए सरकार कह रही है कि लोग अपनी पर्ची खो देते हैं, इसलिए 10 का शुल्क लगाया गया है, जिससे वे पर्चियां न खोएं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनी हर नाकामी को अजीबोगरीब तर्क देकर जायज ठहराने का सिलसिला कब रुकेगा। आने वाले दिनों में सरकार अब योजना बना रही है कि किसी भी मरीज को एक साल में एक बार ही नि:शुल्क जांच की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विमल नेगी की संदिग्ध मृत्यु के मामले में चल रही पुलिस की कार्रवाई पर चौतरफा सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। परिजनों की ओर से सरकार की जांच पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई जांच के लिए कैंडल मार्च निकालना पड़ रहा है।
दिल्ली में आंबेडकर सम्मान समारोह में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष
जयराम ठाकुर दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत के संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के भूमिका अविस्मरणीय है। कांग्रेस ने बाबा साहब के योगदान को कभी उतना महत्व नहीं दिया, जिसके वह हकदार थे।