पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार मनरेगा के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है। केंद्र सरकार ने गरीब, ग्रामीण और श्रमिक वर्ग के हित में विकसित भारत जी-राम जी योजना जैसी प्रभावी, पारदर्शी और भविष्य उन्मुख योजना दी है। यह योजना केवल मजदूरी तक सीमित नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका, कौशल विकास और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में ठोस कदम है। इसमें समयबद्ध भुगतान, तकनीक आधारित निगरानी और भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है।
सोमवार को जारी बयान में जयराम ने कहा कि कांग्रेस भगवान राम के नाम से अपनी चिढ़ के कारण ही विबी–जी राम जी योजना का विरोध कर रही है। उनके राधे-राधे के विरोध को भी सभी ने देखा है। उन्हें गरीबों का कल्याण नहीं, बल्कि राम नाम से एलर्जी है। जो रामराज और ग्रामोदय की सोच से डरता हो, वह विकास का विरोध ही करेगा। देश की जनता जान चुकी है कि यह विरोध नीति का नहीं, मानसिकता का है।