नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधान सभा अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि बैठक में सौहार्दपूर्ण तरीके से बात चीत हुई हैं। प्रदेश में बहुत से मुद्दे हैं, जिनका जवाब सरकार से लेना है और जनहित के मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करनी है। सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है, जनहित से उसे कोई सरोकार नहीं हैं। सरकार को जनहित के मुद्दे पर जवाब देना होगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्र से शुरू होने के पहले सर्वदलीय बैठक की परंपरा रही है। उसी परंपरा के तहत इस बैठक में शामिल हुआ हूँ। सदन सौहार्दपूर्ण तरीके से चले यह जिम्मेदारी सरकार की है। अगर सरकार विपक्ष के द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देगी तो सदन में माहौल सौहार्दपूर्ण रहेगा। विपक्ष जनहित के मुद्दों के प्रति जवाबदेह है। सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से प्रदेश के लोग त्रस्त हैं। आज हर वर्ग में असंतोष है। लोग सड़कों पर हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वास्थ्य से लेकर कानून व्यवस्था पूरी तरह से तबाह है। नशा एक महामारी बन गया है। न जाने कितने युवा इसको चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।