शिमला पुलिस ने पंजाब से रोहड़ू और जुब्बल क्षेत्र में चल रहे अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने युवती समेत पंजाब के अमृतसर से सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती नवीन लता बोली, तहसील जुब्बल की रहने वाली है जबकि मुख्य सरगना लुकास अमृतसर का निवासी है। मुख्य सरगना के कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल और आठ सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पंजाब से नशा तस्करी के बाद जुब्बल की रहने वाली युवती क्षेत्र में जगह-जगह चिट्टा छिपाती थी और उन जगहों का वीडियो बनाकर सप्लायर को भेजती थी। इन्हीं वीडियो को सरगना ग्राहकों को भेजता था और नशे की सप्लाई होती थी। इस तरह से यह गिरोह लोकेशन बेस्ड चिट्टा तस्करी का गिरोह चला रहा था। पुलिस का दावा है कि मामले में आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। इसको लेकर तकनीकी पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है। मामला उस समय सामने आया जब 9 फरवरी को पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे पर गश्त के दौरान बोली नाला के पास नवीन लता की शक के आधार पर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने युवती के कब्जे से 13.46 ग्राम चिट्टा (सफेद जहर) बरामद किया।
जिला पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह लोकेशन बेस्ड नशे की सप्लाई करता था। पुलिस ने युवती समेत मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। -गौरव सिंह, एसएसपी शिमला