छह माह में होगा रात्रि भत्ते व ओवरटाइम का भुगतान
सीएम सुक्खू ने कहा कि निगम के चालकों-परिचालकों के 55 माह के बकाया रात्रि भत्ते और ओवरटाइम का छह माह में भुगतान करेंगे। इसके लिए 98 करोड़ में से 50 करोड़ सरकार देगी और आधी राशि निगम चुकाएगा। कर्मियों को 28 अक्तूबर को वेतन जारी कर दिया जाएगा। 9 करोड़ के लंबित चिकित्सा बिलों की प्रतिपूर्ति दो माह में कर दी जाएगी।
सीएम ने कहा कि एचआरटीसी का 50 साल का सफर सराहनीय रहा है और अब आत्मनिर्भर बनकर अगले 50 सालों की कार्य योजना बननी चाहिए। एचआरटीसी के 7,300 कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया है और 1,546 अनुबंध कर्मियों को नियमित किया है। निगम में 550 पद भरने की प्रक्रिया जारी है, 421 को पदोन्नति का लाभ दिया है। सरकार ने 210 नई साधारण बसें, 11 वोल्वाे और 35 इलेक्ट्रिक बसें निगम में शामिल की हैं। 297 टाइप-एक इलेक्ट्रिक बसें, 30 वातानुकूलित टाइप-3 इलेक्ट्रिक बसें, 50 मिनी बसें और 24 वोल्वों बसें खरीदने की प्रक्रिया जारी है। सीएम ने एचआरटीसी की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
85,000 करोड़ का कर्ज छोड़ गई भाजपा : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा हम पर 85,000 करोड़ रुपये का ऋण छोड़कर गई। आरबीआई ने हमारी ऋण लेने की सीमा में कटौती कर दी। जाते-जाते भाजपा ने 900 संस्थान खोलकर प्रदेश के लोगों से धोखा किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि 40 साल पहले मेरे पिता भी एचआरटीसी से सेवानिवृत्त हुए थे। मुझे पता है कैसे एचआरटीसी कर्मी दूरदराज क्षेत्रों में सेवाएं देते हैं। भाजपा ने 55 महीनों से एचआरटीसी कर्मियों का नाइट ओवर टाइम नहीं दिया।