हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग में शामिल होने की आवेदन तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी तकनीकी विवि परिसर व संबंधित सरकारी/निजी शिक्षण संस्थानों में बीटेक, बी फार्मेसी, एमटेक, एमबीए, एमसीए, बी आर्क सहित अन्य विषयों की काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जुलाई तक कर सकते हैं। तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि पात्र अभ्यर्थी 7 जुलाई तक काउंसलिंग का ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
तकनीकी विवि और संबंधित शिक्षण संस्थानों में बीटेक (डायरेक्ट एंट्री), बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री), बीएससी एचएमसीटी/बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग और फार्म डी के लिए पात्र अभ्यर्थी सात जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बी आर्क, बीटेक व बी फार्मेसी (लेटरल एंट्री), एमटेक और एम फार्मेसी के लिए 25 जुलाई तक आवेदन की प्रक्रिया रहेगी।
अभी तक यूजी और पीजी विषयों की काउंसलिंग के लिए 6550 अभ्यर्थियों के आवेदन आ चुके हैं। जिन अभ्यर्थियों ने तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा (कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) दी है, उन्हें भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके अलावा बीटेक में डायरेक्ट एंट्री के लिए जेईई मेन परीक्षा देने वाले को भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) की 50 प्रतिशत सीटें एचपीसीईटी और 50 प्रतिशत सीटें जेईई की मेरिट के आधार पर भरी जाती हैं।