अक्तूबर के आखिर और नवंबर माह की शुरुआत में प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से सराबोर होने वाले हैं। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग पास, लाहौल-स्पीति, चांशल सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बीते दिनों बर्फबारी हुई है, जिससे सैलानी खासे उत्साहित हैं। विंटर टूरिस्ट सीजन के दौरान बर्फबारी के बाद हर साल हिमाचल में सैलानियों का तांता लगता है। बर्फ में अठखेलियां करने के लिए देशभर से सैलानी कुल्लू-मनाली, शिमला-नारकंडा और लाहौल-स्पीति का रुख करते हैं। सड़कों की स्थिति सुधरने के बाद मनाली में सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। हफ्ते के सामान्य दिनों में यहां 30 से 40 फीसदी, जबकि वीकेंड पर 50 से 60 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी चल रही है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि दिवाली की छुट्टियों के लिए गुजरात और महाराष्ट्र से बुकिंग आनी शुरू हो गई है। दिवाली के बाद बर्फबारी हुई तो टूरिस्ट सीजन बंपर जाने की पूरी उम्मीद है।