दिवाली से पहले 11 जिला न्यायाधीशों और अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों को पदोन्नति और तबादला आदेश जारी हुए हैं। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं। जिला न्यायाधीशों में हाईकोर्ट में तैनात रजिस्ट्रार मदन कुमार को जिला एवं सत्र न्यायालय किन्नौर स्थित रामपुर बुशहर में तैनाती दी है। इसी तरह जिला एवं सत्र न्यायाधीश किन्नौर बरिंद्र ठाकुर अब हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार के पद पर सेवाएं देंगे। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पालमपुर रणजीत सिंह को अब जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद पर पदोन्नति देने के बाद हिमाचल प्रदेश स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी का सदस्य सचिव बनाया है। पांवटा साहिब में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रकाश चंद राणा को पदोन्नत कर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू बनाया है। इसके अलावा बिलासपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पदोन्नत कर पालमपुर में तैनाती दी है।
इन्हें मिली ये नई जिम्मेवारी
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट (पोक्सो) जिला मंडी शीतल शर्मा का तबादला अब अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट-II कांगड़ा स्थित धर्मशाला के लिए किया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट (पोक्सो) जिला सोलन विवेक खनाल को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट-दो सोलन लगाया है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट (पोक्सो) जिला किन्नौर को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट-दो मंडी में तैनाती दी है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट (पोक्सो) जिला कांगड़ा को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट-3 कांगड़ा का जिम्मा सौंपा है। इसके अलावा राज्य सरकार में विशेष विधि सचिव सचिव गुरमीत कौर को पदोन्नत कर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाने के बाद इन्हें इसी पद पर जारी रखा है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ऊना कपिल शर्मा को पदोन्नत कर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पांवटा साहिब के लिए स्थानांतरित किया गया है।