हिमाचल प्रदेश सरकार की मेधावी विद्यार्थियों के लिए संचालित टैबलेट-लैपटॉप योजना में बदलाव हो गया है। सरकार ने अब 8,500 विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कूपन या ई-वाउचर देने की जगह उनके बैंक खातों में सीधे 16 हजार रुपये हस्तांतरित करने का फैसला लिया है। शुक्रवार को शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। दसवीं, बारहवीं कक्षा और कॉलेज स्तर के करीब 9,500 मेधावी विद्यार्थियों को सरकार की ओर से डिजिटल उपकरण उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई है। इसके लिए चयनित कंपनियों के माध्यम से लैपटॉप और टैबलेट उपलब्ध करवाने की व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण कंपनियों ने पुरानी दरों पर उपकरण देने में असमर्थता जता दी है।