हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला
- फोटो : संवाद न्यूज एंजेसी
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति योजना के लिए अंकों का निर्धारण कर लिया है। 85 फीसदी से अधिक अंक लेने वाले परीक्षार्थी को बोर्ड 10 अंक देगा। वहीं, जिस अभ्यर्थी के परिवार की सालाना आय 50 हजार से कम होगी, उसे भी 10 अंक मिलेंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड वर्ष 2024 में संचालित दसवीं और बारहवीं की नियमित परीक्षा पास करने वाले 14-14 मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। पात्र विद्यार्थियों से 31 मार्च तक आवेदन मांगे गए हैं। अंक निर्धारण सूची में अभ्यर्थी को एक से लेकर 10 तक अंक दिए जाएंगे। इसके लिए शैक्षणिक और आर्थिक दोनों ही मापदंडों को अहम माना गया है। बोर्ड की ओर से 10वीं के मेधावियों को 2,700 और 12वीं के पात्रों को 3,000 रुपये वार्षिक दिए जाएंगे।
शिक्षा बोर्ड ने एकल बालिकाओं के लिए भी पद निर्धारित किए हैं, जिसमें 10वीं कक्षा में दो, जमा दो कक्षा में तीन पदों पर एकल बालिकाओं को छात्रवृति दी जाएगी। 10 दिव्यांग उम्मीदवारों को भी छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके लिए उनकी विकलांगता कम से कम 40 फीसदी निर्धारित की गई है।