जांच एजेंसी अब हिमकेयर योजना के संचालन से जुड़े स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी। अस्पतालों से आए दावों की जांच, उनकी स्वीकृति और भुगतान प्रक्रिया को भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि विभागीय स्तर की पूछताछ पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में अहम होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कथित अनियमितताओं के सामने आने पर विजिलेंस जांच के आदेश दिए थे। विजिलेंस चरणबद्ध तरीके से दस्तावेज की पड़ताल कर रही है। वह रिकॉर्ड का मिलान और संबंधित पक्षों से पूछताछ भी कर रही है।
संदिग्ध दावे, फर्जी उपचार और पात्रता से जुड़े मामलों की जांच हो रही है। सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंकाओं को लेकर यह जांच शुरू की गई है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में रिकॉर्ड कब्जे में लिए गए हैं। विभिन्न अस्पतालों से दस्तावेज भी तलब किए गए हैं। अब तक विजिलेंस ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। एजेंसी पहले पर्याप्त साक्ष्य और दस्तावेजी आधार जुटाने में लगी है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ और दस्तावेज के विश्लेषण के बाद आपराधिक अनियमितताओं के प्रमाण मिलने पर एफआईआर दर्ज होगी।