राजधानी शिमला में मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहे। दोपहरबाद शहर में हल्की बारिश हुई। रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। कुल्लू में दोपहर बाद बूंदाबांदी हुई। चोटियों पर हिमपात से एक बार फिर शीतलहर तेज हो गई है। पिछले दिनों बर्फबारी से लाहौल-स्पीति में अवरुद्ध 86 सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। मंडी में भी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा।
बारिश होने से तापमान में कमी दर्ज की गई। हमीरपुर जिले में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं, जबकि दोपहर को हल्की बारिश भी हुई। चंबा में भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों में 30 सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद बढ़ी फिसलन को देखते हुए पांगी के 21 रूटों पर बस सेवा मंगलवार को बंद रही। इसके कारण लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कांगड़ा में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि धौलाधार पर हल्का हिमपात भी हुआ है। मंगलवार को सोलन में अधिकतम तापमान 23.0, ऊना में 20.6, बिलासपुर में 19.7, कांगड़ा में 18.0, मंडी में 15.5, शिमला में 13.7, मनाली में 10.8 और कल्पा में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।