मानसून सीजन में अब तक 250 लोगों की गई जान
इस मानसून सीजन में 30 जून से 29 अगस्त तक प्रदेश में आपदा की वजह से 250 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 449 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 103 की सड़क हादसों में माैत हुई। इसके अतिरिक्त इस अवधि के दाैरान 32 पक्के और 67 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 432 कच्चे-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। इसके अलावा 17 दुकानों व 382 गोशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में इस मानसून में नुकसान का आंकड़ा 118 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
4 सितंबर तक खराब रहेगा माैसम, इन जिलों के लिए अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 अगस्त को राज्य के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 30 अगस्त व 4 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। जबकि 31 अगस्त से 3 सितंबर तक कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इस दाैरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 अगस्त के लिए कांगड़ा व सिरमाैर, 1 सितंबर को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला व सिरमाैर, जबकि 2 सितंबर को हमीरपुर, चंबा व कांगड़ा में भारी बारिश का येलो अलर्ट किया गया है।
मानसून में अभी तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश
माैसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार मानसून सीजन में हिमाचल में सामान्य से कम वर्षा हुई है। 20 जून से 29 अगस्त तक प्रदेश में 542.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 603.7 मिलीमीटर वर्षा सामान्य मानी जाती है। इस तरह सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई। शिमला, कुल्लू और सिरमौर में वर्षा की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जबकि शेष नौ जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। अगस्त में भी बादलों ने उम्मीद से कम साथ दिया। एक से 29 अगस्त तक प्रदेश में 205.5 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सामान्य औसत 246.7 मिलीमीटर है। इस तरह अगस्त में अब तक करीब 17 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तापमान में गिरावट के आसार
विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
अधिकतम तापमान(डिग्री सेल्सियस में)
ऊना 35.4
सुंदरनगर 34.1
बिलासपुर 34.0
मंडी 33.8
नेरी 33.3
कांगड़ा 33.2
सोलन 31.0
चंबा 30.9
धर्मशाला 30.0
नाहन 29.0
मनाली 28.0
शिमला 25.4