इन जिलों में छह घंटे जारी रहेगी बारिश
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार छह घंटों(शाम 5:30 से रात 11:30 बजे तक) शिमला व सोलन जिले के साथ सिरमौर, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर और किन्नौर के कुछ भागों हल्की से मध्यम बारिश और एक दो जगहों पर तेज बारिश के दौर होने की बहुत संभावना है। माैसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चोटियों पर बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद 30 सितंबर से 4 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा, नलिया से होकर गुजर रही है।
मानसून सीजन में 12, सितंबर में 19 फीसदी कम बारिश दर्ज
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष मानसून सीजन में सामान्य से 12 और सितंबर में 19 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। 20 जून से 28 सितंबर तक प्रदेश में 644 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इस अवधि में 732 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में मानसून सीजन के दौरान सामान्य से अधिक बादल बरसे हैं। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई। उधर, सितंबर के दौरान 118 मिलीमीटर को सामान्य माना गया है। इस बार सितंबर के दौरान प्रदेश में 95 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
जांगलिख पुल के पास भारी भूस्खलन
उधर, शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र में जांगलिख पुल के पास सोमवार सुबह अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गया। देखते ही देखते सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर जमा हो गए और वाहनों की आवाजाही रुक गई। रविवार से ही पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे। सड़क से गुजरने वाले लोगों को खतरे का अंदाजा हो गया था। सोमवार सुबह स्थिति अचानक बिगड़ी और पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।