फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, अटल टनल, दो एनएच समेत 211 सड़कें बंद

Wed, 26 Feb 2025 09:24 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार व शुक्रवार को भी भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊपरी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट के बीच बुधवार को भारी बर्फबारी-बारिश से अटल टनल सहित दो नेशनल हाईवे और 211 सड़कों पर यातायात बंद रहा।
 
विज्ञापन
लाहौल के उदयपुर में बर्फबारी से ढके वाहन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल के ऊपरी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट के बीच बुधवार को भारी बर्फबारी-बारिश से अटल टनल सहित दो नेशनल हाईवे और 211 सड़कों पर यातायात बंद रहा। लाहौल में एक फीट तक बर्फबारी से जिले के 90 फीसदी गांवों में बिजली ठप है। शिमला, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और सिरमौर के ऊपरी इलाकों में हिमपात और अधिकांश जिलों में मंगलवार रात और बुधवार को बारिश से सूबे में ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार व शुक्रवार को भी भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन


राजधानी शिमला में मंगलवार रात को झमाझम बारिश हुई। बुधवार को दिन भर बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हुई। लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग होकर एनएच-तीन में केलांग-मनाली के बीच और जलोड़ी दर्रा होकर एनएच 305 में यातायात बाधित हो गया है। अटल टनल रोहतांग बंद होने से लाहौल का मनाली से संपर्क कट गया है। रोहतांग दर्रा में 75 सेंटीमीटर, नॉर्थ पोर्टल में लगभग 50, कोकसर व सिस्सू में 45, उदयपुर में 25 और दारचा में 45 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है।

लाहौल में लोक निर्माण विभाग के अधीन 165 संपर्क सड़कें बर्फबारी से बंद हो गई हैं। बिजली के तार क्षतिग्रस्त होने से उदयपुर उपमंडल में 53 ट्रांसफार्मर बंद हैं। जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में भारी बर्फबारी के कारण 30 संपर्क मार्ग बंद पड़ गए हैं। किन्नौर जिले में भी 16 संपर्क मार्ग बंद हैं। बर्फबारी के कारण जिला भर में करीब 60 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं और 10 रूटों पर बसों की आवाजाही ठप है। किन्नौर जिले में आठ से दस सेंटीमीटर हिमपात हुआ है।

लाहौल-स्पीति समेत चार जिलों में हिमखंड गिरने की चेतावनी
रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) मुख्यालय चंडीगढ़ ने लाहौल-स्पीति समेत चार जिलों में हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की है। डीजीआरई से जारी अलर्ट के मुताबिक चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू में 7,546 फीट तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मीडियम डेंजर लेवल के हिमखंड गिर सकते हैं। दरअसल एक सप्ताह पहले इन इलाकों में हिमपात हुआ था जो अब ठोस बर्फ में तब्दील हो चुका है। ऐसे में यह ताजा बर्फ पहले के ठोस बर्फ के ऊपर से फिसलकर हिमखंड के रूप में गिर सकती है। हालांकि रिहायशी इलाके इन संभावित हिमखंड की जद से दूर और सुरक्षित हैं। एसडीएम एवं जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी रजनीश शर्मा ने कहा कि डीजीआरई की चेतावनी के बाद लोगों को इस संदर्भ में अलर्ट करते हुए बेवजह यात्रा न करने की हिदायत जारी की गई है। 

कहां कितनी हुई बारिश
 
मनाली 33
सेऊबाग  25
भुंतर 24
सराहन 22
धर्मशाला 15
चंबा 11
डलहौजी  10
शिमला 4
विज्ञापन

कहां-कितना रहा रात का पारा
 
केलांग -3.6
ताबो -2.8
कुकुमसेरी -0.5
कल्पा 0.4
मनाली 2.1
धर्मशाला 4.4
शिमला 7.4
डलहौजी  7.9
सोलन 8.0
ऊना  10.2
मंडी  11.8
बिलासपुर  13.9
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें