मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित कांगड़ा, चंबा व कुल्लू जिले के ऊंचाई वाले अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। सिरमौर, शिमला, मंडी, सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, कांगड़ा, चंबा और कुल्लू जिलों में गरज के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 15 और 16 मार्च को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कांगड़ा, चंबा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी और अन्य भागों में भारी बारिश के आसार हैं। राज्य के पर्यटन स्थलों मनाली, नारकंडा, कुफरी, सोलंगवैली और सिस्सू और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है।
17 मार्च को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। उधर, बुधवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.1, कुकुमसेरी में माइनस 1.3, केलांग में माइनस 0.9, कल्पा में 2.0, मनाली-धर्मशाला में 6.7, डलहौजी में 8.7, सोलन में 10.2, ऊना में 10.4, शिमला में 11.2, मंडी में 11.9, बिलासपुर में 12.7, नाहन में 12.8 और कांगड़ा में 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।