पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा
उधर, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के केलांग और कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार रात को न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। बारिश और बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्र ठंड से अधिक प्रभावित हैं। शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।
22 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ
शुक्रवार को अधिकतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री कमी दर्ज हुई। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से 22 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। मौसम केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 से 22 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालिया बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद मौसम साफ रहने से लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि, जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान कम रहने के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहने की संभावना है।