उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 में हिमाचल को आपदा राहत के लिए 1,500 करोड़ देने की घोषणा की थी, लेकिन यह राशि आज तक प्रदेश को नहीं मिली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश की आरडीजी बंद कर दी गई है, लेकिन भाजपा इस मुद्दे पर भी चुप्पी साधे हुए है। विनय कुमार ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कुप्रबंधन के कारण कांग्रेस सरकार को 70 हजार करोड़ से अधिक के ऋण और 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां विरासत में मिलीं। इसके बावजूद वर्तमान सरकार वित्तीय चुनौतियों के बीच विकास और जनकल्याण के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह झूठे आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। विनय कुमार ने दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी।