ट्रेन सेवा को बहाल हुए लगभग डेढ़ महीने का समय हो चुका है। इसके बाद अब पर्यटक टिकट लेने के लिए सीधे धर्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं और यहां से शिमला के लिए अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। धर्मपुर रेलवे स्टेशन का पुराना भवन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले पर्यटक स्टेशन की खूबसूरती और इसकी ऐतिहासिक इमारत को देखकर काफी उत्साहित हैं। कई पर्यटक स्टेशन पर सेल्फी लेने और फोटो शूट करने का आनंद उठा रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि धर्मपुर रेलवे स्टेशन बेहद सुंदर है और उन्होंने इससे पहले ऐसा स्टेशन नहीं देखा।
दिसंबर तक धर्मपुर से चलेगी ट्रेन
गौरतलब है कि धर्मपुर रेलवे स्टेशन को बने हुए 116 वर्ष हो चुके हैं। स्टेशन की पुरानी वास्तुकला और आसपास के पहाड़ी नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। सुबह के समय खिली धूप में पहाड़ों की सुंदरता देखते ही बनती है, जिससे रेल यात्रा का अनुभव और भी यादगार हो जाता है। रेलवे बोर्ड की ओर से फिलहाल दिसंबर तक धर्मपुर से ही ट्रेन का संचालन किए जाने की योजना है। गुम्मा स्टेशन के नजदीक रेलवे पटरी की मरम्मत का कार्य पूरा होने तक ट्रेनों का संचालन धर्मपुर से जारी रहेगा। ऐसे में आने वाले समय में भी धर्मपुर रेलवे स्टेशन से शिमला जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।