शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि इस वर्ष पांच हजार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर कुल नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 15 हजार तक पहुंच जाएगा। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। शिक्षा मंत्री सोमवार को मंडी जिला के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन खेल छात्रावासों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ठोडो और कुराश सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 48 पदक हासिल किए। विभाग का लक्ष्य पदकों की संख्या को पहले 60 और उसके बाद 100 तक पहुंचाना है।