स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण
स्वाइन फ्लू के लक्षण कई बार अचानक दिखाई दे सकते हैं। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर और मांसपेशियों में दर्द, ठंड लगना, बहुत ज्यादा थकान, नाक बहना या नाक बंद होना, कमजोरी और बेचैनी व कुछ मामलों में उल्टी या मतली हो सकती है। हर व्यक्ति में सभी लक्षण दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है।
इन मामलों में तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए
अगर बुखार और खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, लगातार हालत बिगड़ना या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए। स्वाइन फ्लू का इलाज मरीज की उम्र, स्वास्थ्य और लक्षणों की गंभीरता के आधार पर किया जाता है। हल्के लक्षणों वाले मरीजों को पर्याप्त आराम करने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी जाती है। बुखार और शरीर में दर्द जैसी परेशानी के लिए डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार दवा बता सकते हैं। गंभीर मामलों या अधिक जोखिम वाले मरीजों में डॉक्टर एंटीवायरल दवा देने का फैसला कर सकते हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाओं, कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों व लंबे समय से किसी बीमारी से पीड़ित व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से जल्द सलाह लेना बेहतर होता है।