मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने राज्य भर में बिजली सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) में 1,602 बिजली उपभोक्ता मित्रों और 1,000 टी-मेट की नियुक्ति को मंजूरी दी है। हाल ही के दशकों में यह पहली बार है कि किसी सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी के इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की भर्ती की जाएगी।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय फील्ड स्टाफ की कमी को दूर करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। वर्तमान में, टी-मेट के 4,009 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 3,049 खाली पड़े हैं, जिससे परिचालन में समस्याएं और सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इस स्थिति से निपटने के लिए, सरकार ने टी-मेट के 1,000 पदों को भरने के साथ-साथ वृत्त स्तर पर टी-मेट के रिक्त पदों के स्थान पर 1,602 बिजली उपभोक्ता मित्रों को नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
बिजली उपभोक्ता मित्रों की नियुक्ति एक अधिकृत सरकारी एजेंसी द्वारा उन पात्र उम्मीदवारों में से की जाएगी, जो दसवीं पास हैं और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल/वायरमैन ट्रेड में आईटीआई प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। आवेदकों के लिए निर्धारित आयु सीमा 18 से 30 वर्ष है।