कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसानों को आधुनिक मशीनरी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की ओर से एग्री मशीनरी पोर्टल 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे से सक्रिय किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्रदेश के किसान विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपदान के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह जानकारी कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने दी।
उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों के मशीनीकरण से किसानों की कार्यक्षमता एवं आमदनी बढ़ती है। इससे लागत में कमी आती है और उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार होता है। कृषि विभाग का उद्देश्य किसानों को नई, आधुनिक, उन्नत किस्म की कृषि मशीनरी व उपकरण उपलब्ध करवाना है। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और छोटे खेतों को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों के अनुकूल कृषि यंत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को ट्रैक्टर, पावर टिल्लर, पावर वीडर और अन्य कृषि उपकरण http://agrimachinery.nic.in पोर्टल के माध्यम से अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला किसानों को कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान किया है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे केवल केंद्र सरकार से पंजीकृत फर्मों तथा स्वीकृत मॉडल की मशीनरी की खरीद करें जिससे बाद में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।