कोलकाता में आयोजित 27वीं राष्ट्रीय सब जूनियर रोइंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की दो बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रामपुर की श्रेया ठाकुर और किन्नौर जिले के पौंडा की अर्चिता नेगी ने डबल स्कल वर्ग में शानदार तालमेल और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक जीता। दोनों खिलाड़ी साई अकादमी केरल में रोइंग का प्रशिक्षण ले रही हैं। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 7 से 9 अगस्त तक कोलकाता में आयोजित प्रतियोगिता में हिमाचल की जोड़ी ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। कड़ी मेहनत और बेहतरीन टीमवर्क के दम पर दोनों ने डबल स्कल वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वाटर स्पोर्ट्स में प्रदेश की बेटियों की इस उपलब्धि की खूब सराहना हो रही है।