जानिए कितने बढ़े दाम
इसके तहत एपीएल उपभोक्ताओं को मिलने वाले चावल की कीमत 13 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। गेहूं के आटे का दाम 12 रुपये से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो होगा। एनएफएसए श्रेणी के उपभोक्ताओं को अब चीनी 13 रुपये के बजाय 20 रुपये प्रति किलो मिलेगी। वहीं, एपीएल परिवारों के लिए चीनी का दाम 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है। इस श्रेणी के उपभोक्ताओं को अब दो रुपये प्रति किलो अधिक चुकाने होंगे।
दालों पर मिलने वाली सब्सिडी के नियमों में भी बदलाव
दालों पर मिलने वाली सब्सिडी के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) और एपीएल दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को दालों पर 15 रुपये प्रति किलो की समान सब्सिडी मिलेगी। इससे पहले दोनों वर्गों के लिए सब्सिडी का ढांचा अलग था। दूसरी ओर, उचित मूल्य की दुकान चलाने वाले डिपो धारकों को राहत दी गई है। एपीएल चावल और गेहूं के वितरण पर मिलने वाला खुदरा कमीशन 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यानी कमीशन दोगुना होगा।
दरों में बढ़ोतरी से मिलने वाले अतिरिक्त राजस्व का इस्तेमाल यहां होगा
विभाग के आदेश के मुताबिक एपीएल राशन की बिक्री दरों में बढ़ोतरी से मिलने वाले अतिरिक्त राजस्व का इस्तेमाल राज्य सब्सिडी वाली वस्तुओं की खरीद में किया जाएगा। इसे सब्सिडी बिलों में समायोजित किया जाएगा। विभाग ने राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक, जिला नियंत्रकों और संबंधित अधिकारियों को नई दरें एक दिसंबर से लागू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने और कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।