दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में खराब परिणाम के कारण जांचने अब निदेशालय की कमेटी स्कूलोंं में जाएगी। अतिरिक्त निदेशक की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा। बुधवार को राज्य सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यह निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों का राज्य पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। निदेशालय की विशेष कमेटी की ओर से पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाओं में 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले 100 शिक्षकों की सूची तैयार हो चुकी है। सभी जिलों से अभी रिकॉर्ड नहीं आया है। फाइनल सूची तैयार होते ही संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। जिन शिक्षकों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाएंगे उनकी वार्षिक इंक्रीमेंट रोकी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी ना होने के बावजूद बेहतर परिणाम नहीं आए हैं, वहां अब सख्ती बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगर कहीं शिक्षकों की कमी रही है और परिणाम कम रहा है तो ऐसे मामलों पर कार्रवाई से पहले विचार किया जाएगा लेकिन जहां पर्याप्त मात्रा में शिक्षक थे वहां कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि ऐसे स्कूल जहां का प्रदर्शन लगातार खराब रहा है, उन पर बीते वर्ष भी कार्रवाई की गई थी। इस बार भी जिन स्कूलों के परिणाम बेहद कमजोर रहे हैं, वहां अध्यापकों की जवाबदेही तय की जाएगी। विभाग भविष्य में इन स्कूलों के प्रदर्शन को सुधारने के लिए योजना पर काम कर रहा है।
25 नए स्कूलों को दिया एक्सीलेंस का दर्जा
शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 25 स्कूलों को एक्सीलेंस का दर्जा दे दिया है। इससे पूर्व जिन स्कूलों को यह दर्जा दिया गया था, उनसे एक्सीलेंस का दर्जा वापस ले लिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में एक्सीलेंस स्कूलों की सूची तैयार करने में कुछ कमियां रह गई थीं। जिन्हें दुरुस्त करते हुए नई सूची जारी की गई है। एक्सीलेंस स्कूलों में आधारभूत ढांचा मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से अतिरिक्त बजट जारी किया जाएगा।
भाजपा ने कीं सिर्फ घोषणाएं, कांग्रेस सरकार कर रही भर्तियां
नेता विपपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती पर उठाए गए सवालों पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा के समय सिर्फ घोषणाएं होती रहीं, जबकि वर्तमान सरकार में एनटीटी की वास्तविक भर्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि ये भर्तियां इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन द्वारा की जा रही हैं। सरकार का इसमें सीधा दखल नहीं है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया कि विपक्ष को सरकार से प्रशंसा की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, लेकिन अगर उन्हें किसी प्रक्रिया में गड़बड़ी लगती है तो वह लिखित में दें, विभाग जांच कर कार्रवाई करेगा।