हिमाचल प्रदेश में सस्ते राशन की दुकानों में जून में राशन से वंचित उपभोक्ताओं को इस बार डिपो में दो माह का कोटा एक साथ दिया जाएगा। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से पिछले माह मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से राशन वितरित किया गया था। कई ऐसे उपभोक्ता थे, जिनके मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक नहीं थे। जून में डिपो में ओटीपी से ही राशन दिया गया है। इसके चलते उपभोक्ताओं को राशन लेने से वंचित रह गए थे।
अब खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को इस माह का कोटा देने के लिए सस्ते राशन की दुकानों में रखी गई पॉस मशीनों में जून के राशन की बिक्री के लिए बैकलॉग सेल का प्रावधान कर दिया गया है। साथ ही डिपो संचालकों को दो माह का कोटा एक साथ देने के लिए निर्देश भी जारी किए हैं। इसके बाद अब उपभोक्ता डिपो से राशन ले पाएंगे। इसके अलावा लोगों को ओटीपी और सर्वर जैसी समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए पीडीएस फेस ऑथेंटिकेशन एप से चेहरा स्कैन कर राशन दिया जा रहा है।
सस्ते राशन की दुकानों में जून में कई उपभोक्ता राशन से वंचित रह गए थे। इस बार उन उपभोक्ताओं को दो माह के राशन का कोटा एक साथ दिया जा रहा है। इसके लिए डिपो संचालकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। -
पुरुषोत्तम सिंह, नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कांगड़ा
ये भी पढ़ें-
Himachal Pradesh: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोले- एचआरटीसी ग्रीन हाइड्रोजन बसें चलाने की संभावना तलाशे