मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में 1.36 लाख कर्मचारियों-अधिकारियों को पहली कैबिनेट में ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिया है। जिससे कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा मिली है। महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि दे रहे हैं। हर विधानसभा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का काम चल रहा है। पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया है। युवाओं को रोजगार के 680 करोड़ की राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना शुरू की है। दूध और प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेहूं व मक्का पर एमएसपी देने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है। गाय के दूध को 45 रुपये और भैंस के दूध को 55 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से सरकार खरीद रही है। गेहूं को 40 रुपये व मक्का को 30 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से सरकार खरीदेगी। राहुल गांधी की सोच के अनुसार 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा दिया है। अब प्रदेश में कोई अनाथ बच्चा नहीं है। सरकार ही उनकी माता, उनकी पिता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में चल रही बदलाव की हवा में दादरी के लोग भी भागीदार बनें। हमारी बहन मनीषा सांगवान को जिताकर विधानसभा भेजें। महिला आरक्षण तो कांग्रेस सरकार देगी ही, मनीषा मंत्री बनने की क्षमता भी रखती हैं। पीएचडी हैं, गरीबों की पीड़ा जानती हैं, किसानों की समस्या हल करने का जज्बा इनमें है। महिलाओं को अत्याचार से मुक्ति दिलाएंगी। 5 अक्तूबर को हर कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ 5-5 मतदाता ले जाकर मनीषा को वोट डलवाए, दादरी का भविष्य सुनहरा होगा। इनमें बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का माद्दा है। राहुल गांधी इनके लिए मंत्रिमंडल में एक सीट जरूर रखेंगे। मैं भी इनकी वकालत राहुल गांधी व भूपेंद्र हुड्डा से करूंगा। कांग्रेस पार्टी सभी सभी धर्मों व जातियों का सम्मान करती है, राहुल गांधी की सोच हर वर्ग को आगे बढ़ाने की है। इस मौके पर कांग्रेस उम्मीदवार मनीषा सांगवान, चेयरमैन रघुबीर सिंह बाली, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू इत्यादि मौजूद रहे।