हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में सरकार ने 31 मार्च 2027 तक स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था। वर्तमान सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए चिकित्सा महाविद्यालयों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिले के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का लोकार्पण किया।