ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों की कम संख्या वाले 11वीं और 12वीं कक्षा वाले वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को मर्ज या डाउनग्रेड नहीं किया जा रहा है। यहां नियुक्त शिक्षकों का युक्तिकरण किया जाएगा। जिन स्कूलों में एक विषय के अधिक शिक्षक होंगे, उन्हें बदला जाएगा। सिर्फ एक विषय शिक्षक ही ऐसे स्कूलों में सेवाएं देंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जल्द इस बाबत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शहरों से सटे वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में ऐसे मामले अधिक हैं, जहां विद्यार्थियों की संख्या कम है और विषय शिक्षक उनके अनुपात में अधिक है।
शिक्षा मंत्री ने बागवानी विषय को पढ़ाने के लिए जल्द सिलेबस तैयार करने को कहा। उन्होंने छठी से आठवीं कक्षा तक पढ़ाए जा रहे हिमाचल के इतिहास को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस विषय में और अधिक ऐतिहासिक जानकारियों को भी शामिल किया जाए। रोहित ठाकुर ने निदेशालयों के पुनर्गठन, मुख्यमंत्री बाल पौष्टिक आहार योजना, डिजिटल उपस्थिति, शिक्षकों के अंतरराष्ट्रीय शिक्षण भ्रमण, अपना विद्यालय योजना, राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल तथा स्कूलों की सीबीएसई से संबद्धता जैसी महत्वपूर्ण पहलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की भी। बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा, शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, समग्र शिक्षा परियोजना निदेशक राजेश शर्मा भी मौजूद रहे।