विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के लुदरेड में रविवार सुबह एक युवक ने चाकू मारकर अपने चाचा अशोक कुमारकी हत्या कर दी। हत्या का कारण पिछले लंबे समय से चला आ रहा जमीनी विवाद बताया जा रहा है। आरोपी ने चाचा पर चाकू से आठ वार किए। इसके चलते चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे टांडा अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अशोक कुमार निवासी लुदरेड के रूप में हुई है। वहीं, हत्या के आरोपी भतीजे सुखविंद्र सिंह (26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह 8 बजे इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि अशोक कुमार के साथ आरोपी के परिवार का जमीनी विवाद को लेकर विवाद था। अशोक कुमार अपने दो भाइयों के साथ ही रहता है। हाल ही में सरकारी योजन के तहत उनका नया मकान का निर्माण किया था। अशोक कुमार अपनी दो बेटियां और पत्नी के साथ यहीं रह रहा था। हत्या करने के पीछे कारण जमीनी विवाद बताया का रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हत्यारोपी के परिवार को हाल ही में फोरलेन में जमीन आने पर मुआवजा भी मिला था। जमीनी विवाद को लेकर दोनों परिवारों में 2 माह पहले भी झगड़ा और कहासुनी हुई थी और इस दौरान भी पुलिस में शिकायत पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों का पुलिस ने मेडिकल भी करवाया था।
लोगों ने कहा कि अशोक कुमार मिलनसार और शरीफ व्यक्ति था। अपने काम से ही काम रखता था। रविवार सुबह 8 बजे वह घर से काम के लिए निकला तो भतीजे ने उसे रोक दिया। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और इसी दौरान रसोई के चाकू से चाचा पर चाकू के 8 वार किए। आसपास के लोग चीखने की आवाज सुनकर आए तो अशोक कुमार खून से लथपथ था। ग्रामीण अशोक कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, वारदात के बाद आरोपी अपने घर चला गया जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। मौके पर पहुंचे लोगों ने कहा कि आरोपी के परिजनों को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए, क्योंकि आरोपी ने परिजनों की शह पर ही इस वारदात को अंजाम दिया है। उनका कहना था कि दो माह पहले हुए झगड़े के दौरान आरोपी के पिता ने भी अशोक कुमार को धमकी दी थी। रविवार को भी जब झगड़ा शुरू हुआ तो आरोपी के परिजन वहां से चले गए। वहीं, मृतक अशोक कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गया है। अशोक मेहनत-मजदूरी से अपने परिवार का भरण पोषण करता था। एसपी अशोक रत्न ने बताया कि घटना के बाद पुलिस की ओर से 3 टीमें गठित की थी, जिसमें एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई थी और उसने आराेपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना स्थल का फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में पुलिस जांच जारी है।