साइबर क्राइम थाना में दी शिकायत में चंबा जिले से संबंध रखने वाले जवान ने बताया कि शातिर ने उसे एक मोबाइल कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन किया था। ठग ने सिम बंद होने का बहाना बनाते हुए एक लिंक व्हाट्सएप पर भेजा और कहा कि इससे 10 साल तक सिम की वैधता बढ़ेगी। लिंक पर क्लिक करते ही जवान का मोबाइल शातिरों के नियंत्रण में चला गया और खाते से 50 हजार रुपये की पहली निकासी हो गई। इस पर जब जवान ने संपर्क किया तो ठग ने गलती बताकर राशि लौटाने का भरोसा दिया।
कुछ समय बाद शातिर ने दोबारा संपर्क कर कहा कि गलती से 7 लाख रुपये भेज दिए हैं। जवान ने जब बैंक से संपर्क किया तो पता चला कि उनके खाते से 9 लाख रुपये का ऋण लिया जा चुका है, जिसमें से 2 लाख रुपये और निकाले जा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बैंक खाता बंद कराया और सोमवार को साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई।