जिला पुलिस को होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस संचालकों से वहां ठहरे लोगों का रिकॉर्ड और पहचान संबंधी जानकारी दुरुस्त रखने को कह रही है। लंबे समय से ठहरे या संदिग्ध परिस्थितियों में रहने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को देने पर भी जोर दिया जा रहा है। वीकेंड पर 15 अगस्त के चलते यह व्यवस्था खास तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 15 अगस्त को होने वाले सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रमों को देखते हुए समारोह स्थलों, महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। पुलिस बल को भीड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने और किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लेने के निर्देश हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। डीजीपी अशोक तिवारी ने प्रदेश के आम लोगों से भी विशेष एहतियात बरतने की अपील की है, कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान कहीं संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। वाहन की तलाशी या पहचान संबंधी जांच में पुलिस का सहयोग करें और होटल-होम स्टे में ठहरते समय वैध पहचान पत्र उपलब्ध कराएं। सतर्क नागरिक किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।