पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स से मिलते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
पूर्व कैबिनेट मंत्री विद्या स्टोक्स सोमवार को 98 साल की हो गईं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स से उनके घर जाकर जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुक्खू ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में कहा कि विद्या स्टोक्स की दीर्घ राजनीतिक अनुभव रहा है। वह सरलता और सेवा भाव के चलते सबके लिए प्रेरणा स्रोत रही हैं। वह हमेशा स्वस्थ रहें और अपना आशीर्वाद इसी तरह हम सब पर बनाए रखें।
यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पूर्व मंत्री विद्या स्टाेक्स के करीबी रहे हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा में विद्या स्टोक्स हमेशा सहयोगी रही हैं। भूमिया एस्टेट स्थित विद्या स्टोक्स के आवास पर ठियोग निर्वाचन क्षेत्र से भी कई नेता पहुंचे। यहां प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल के अलावा कांग्रेस नेताओं में अमित नंदा, विवेक थापर, जोगेंद्र कंवर समेत कई अन्य लोग भी उनके आवास पर शुभकामनाएं देने पहुंचे। विद्या स्टोक्स की बेटी सुधा भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। सुधा को अमेरिका की नागरिकता प्राप्त है।
स्टोक्स ने 54 साल से नहीं खाया अन्न
विद्या स्टोक्स ने 44 वर्ष की आयु में अन्न त्याग दिया था। वह केवल फलाहार ही करती हैं। भोजन के मामले में वह हमेशा सतर्क रही हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य का यह भी कारण है।