मोहाली से पकड़े चिट्टा तस्कर की जमानत याचिका खारिज
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने हेरोइन तस्करी के मुख्य आरोपी गुरबचन उर्फ गुरु की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। न्यायाधीश राकेश कैंथला की अदालत ने कहा कि हेरोइन समाज को खोखला कर रही है और ऐसे ड्रग पेडलर्स को राहत नहीं दी जा सकती। न्यू शिमला पुलिस ने जून 2026 में सह-आरोपी गोपाल कुमार को कनलोग से 16.280 ग्राम हेरोइन सहित पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहाली (एम्मार सोसाइटी) स्थित गुरबचन के फ्लैट से 161.6 ग्राम हेरोइन और तीन इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें बरामद की थीं। अदालत ने आरोपी के चार महीने से जेल में होने और सह-आरोपी को जमानत मिलने की दलील नकार दी। कोर्ट ने कहा कि कमरे से वजन मशीनें मिलना साबित करता है कि वह बड़े स्तर पर तस्करी कर रहा था। जांच के शुरुआती चरण में दखल नहीं दिया जा सकता।