सीपीआरआई शिमला के कुफरी फागू फॉर्म पर तैयार किया गया आलू का बीज।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान शिमला (सीपीआरआई) ने पहली बार आलू की कुफरी सह्याद्री किस्म का बीज तैयार किया है। इसे हिमाचल सहित 7 राज्यों में सप्लाई किया जाएगा। कुफरी सह्याद्री किस्म सिस्ट निमेटोड और आलू के पछेती झुलसा रोग के प्रति प्रतिरोधी है। आलू की यह किस्म खाने के साथ-साथ प्रसंस्करण के लिए भी उपयुक्त है। अब तक कुफरी सह्याद्री किस्म का बीज सीपीआरआई के तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के ऊटी फार्म में तैयार किया जा रहा था, पहली बार इसे सीपीआरआई ने शिमला के कुफरी-फागू फार्म में तैयार किया गया है।
सीपीआरआई ने इस बार कुफरी फागू फार्म पर कुफरी सह्याद्री सहित कुफरी ज्योति, कुफरी गिरधारी, कुफरी हिमालनी और कुफरी करण किस्म का 400 क्विंटल बीज तैयार किया है। पूर्वोत्तर के राज्यों मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल के अलावा उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल को आलू बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। सीपीआरआई इन राज्यों की राज्य सरकारों को बीज उपलब्ध करवाएगा। सरकारें बीज को मल्टीप्लाई कर अपने कृषि विभागों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाएगी।
पूर्वोत्तर सहित उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश को करीब 400 क्विंटल आलू बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। उटी फार्म में तैयार होने वाला सिस्ट निमेटोड प्रतिरोधी कुफरी सह्याद्री किस्म का बीज पहली बार कुफरी-फागू फार्म में तैयार किया गया है। इच्छुक राज्यों को इसकी भी आपूर्ति की जाएगी। - डॉ. ब्रजेश सिंह, निदेशक, सीपीआरआई शिमला