वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में मीडिया से बातचीत में संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं को अभी तक सरकार में नियुक्तियां नहीं मिलने को लेकर प्रतिभा सिंह का दर्द फिर छलका। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद से वह कर्मठ कार्यकर्ताओं के लिए सरकार में एडजस्टमेंट मांग रही हैं। उम्मी जताई कि जल्द ही सरकार में संगठन के लोगों को नियुक्तियां मिलेंगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जो सक्रिय लोग सरकार में शामिल नहीं हो सकेंगे, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेवारियां दी जाएंगी। इस साल के आखिर में पंचायतीराज चुनाव होने हैं। इसमें कांग्रेस के संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। संगठन को मजबूत करने के जरूरत है। 2027 में होने वाले प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भी पार्टी को तैयार करना है। अगर संगठन मजबूत होगा तो ही चुनाव जीते जाते हैं।
संभावित पदाधिकारियों की लिस्ट तैयार
उन्होंने कहा कि पार्टी के कर्मठ व निष्ठावान नेताओं व कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान दिया जाना चाहिए, इसके लिए वह कार्य कर रही है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि संभावित पदाधिकारियों की लिस्ट तैयार कर दी गई है। इसे प्रदेश प्रभारी को सौंपा जाएगा। जल्द ही प्रदेश में कांग्रेस संगठन के सभी पदाधिकारी, जिला व ब्लॉक घोषित कर दिए जाएंगे।