मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का चिनाब मंडल अब पांच लाख तक के टेंडर ऑफलाइन लगा सकेगा। पहले अधिशासी अभियंता के पास सिर्फ एक लाख रुपये तक के टेंडर लगाने की शक्तियां थीं, जिसे बढ़ाकर अब पांच लाख रुपये कर दिया गया है। इससे घाटी में विकास कार्यों के गति पकड़ने की उम्मीद है। विधायक अनुराधा राणा ने हाल ही में आई बाढ़ से सड़कों, पुलों और फसलों को हुए नुकसान को लेकर राहत राशि की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी के नेतृत्व में टीम बनाकर जिला में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। लाहौल-स्पीति में महिला प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात कर शक्तियों का विकेंद्रीकरण किया गया है, जिससे नारी शक्ति स्वतंत्र रूप से फैसले ले सके। लाहौल-स्पीति जिला नारी सशक्तीकरण की दिशा में आज पूरे देश के लिए मिसाल बन गया है। जिला के पारंपरिक उत्पादों को हिम-ईरा ब्रांड में शामिल कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।