मंत्रियों की राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हो पाई
नई दिल्ली में डटे मंत्रियों की लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हो पाई। सूत्रों के अनुसार मंत्रियों की यह योजना थी कि वे हाईकमान के वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल गांधी से मिलें। राहुल गांधी की व्यस्तता के चलते इन मंत्रियों का उनसे मुलाकात का समय नहीं मिल सका। इसके बाद अधिकांश मंत्री वापस लौट आए। नई दिल्ली से शिमला लौटते ही शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान शुक्रवार को राज्य सचिवालय पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने अपने-अपने कार्यालय में कामकाज निपटाया। रोहित ठाकुर सचिवालय में आयोजित उच्च शिक्षा विभाग के एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
दो मौजूदा मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और विभागों में बदलाव की चर्चाओं के बीच दिल्ली गए मंत्रियों के दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा था। कई मंत्री हाईकमान के समक्ष अपने कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रखने और अपनी स्थिति स्पष्ट करने के प्रयास में थे। मंत्रियों की नजर अपने मौजूदा विभागों को बरकरार रखने पर है। कुछ मंत्री अतिरिक्त विभाग पाने की भी पैरवी कर रहे हैं। हिमाचल मंत्रिमंडल में फिलहाल एक पद रिक्त है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही कुल्लू के कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं। इसके साथ ही दो मौजूदा मंत्रियों को हटाए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में हैं। यदि ऐसा होता है तो मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना बन सकती है।
एंटी इनकंबेंसी की आशंका के बीच मंत्रियों के कामकाज पर नजर
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान मंत्रियों के कामकाज और उनके विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा कर रहा है। वीरभद्र सरकार और जयराम सरकार के समय कई मंत्रियों को एंटीइनकंबेंसी का सामना करना पड़ा था और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर हाईकमान की नजर बनी हुई है। मुख्यमंत्री सुक्खू मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड हाईकमान के समक्ष पहले ही रख चुके हैं। अब मंत्री भी अपने कामकाज और उपलब्धियों के आधार पर अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
मुकेश अग्निहोत्री समेत कई मंत्री दिल्ली में रहे
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, रोहित ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान और विक्रमादित्य सिंह पिछले दिनों नई दिल्ली में रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली में थे। अब अधिकांश नेता शिमला लौट आए हैं।
हाईकमान को फीडबैक दिया : रोहित ठाकुर
नई दिल्ली से शिमला लौटने के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। इस बीच वरिष्ठ नेताओं से भी उनकी शिष्टाचार मुलाकात हुई है। उन्हाेंने जो फीडबैक मांगा, उन्हें दे दिया गया है।